फिरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्र से धान लेकर मंडी जा रहे एक किसान को मैनपुरी जिले की सीमा में गोली मार दी गई। गोली किसान के सीने में लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है मामला सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव पीथेपुर का है। गांव के रहने वाले अवनीश कुमार उर्फ शालू (45 वर्ष) मंगलवार देर रात अपने ट्रैक्टर से धान लेकर मैनपुरी की घिरोर मंडी जा रहे थे। इसी दौरान बरनाहल थाना क्षेत्र के नगला नादा के पास अज्ञात हमलावर ने उन पर गोली चला दी। गोली सीने में लगने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद घायल अवनीश ने खुद ही फोन कर परिवार को गोली लगने की जानकारी दी। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने आगरा रेफर कर दिया।परिजनों का आरोप है कि यह हमला दो साल पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। आरोपी की पहचान नगला धर्मपुर गांव के एक युवक के रूप में हुई है।घटना की सूचना पर जिला अस्पताल पुलिस पहुंची और परिजनों से वार्ता की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
