नवजात की मौत के बाद सीएचसी में तोड़फोड़, स्टाफ से गालीगलौज

Nikhil Malhotra
2 Min Read

गुडंबा सीएचसी में प्रसूता के तीमारदार पर शराब के नशे में हंगामा करने का आरोप, अधीक्षक ने थाने में दी तहरीर

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। गुडंबा थाना क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात की मौत के बाद उसके तीमारदार पर शराब के नशे में स्टाफ से गालीगलौज करने और लेबर रूम के दरवाजे में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। घटना के संबंध में सीएचसी अधीक्षक दीपक सिंह ने गुडंबा थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। अधीक्षक की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 10 सितंबर को दोपहर 2:24 बजे प्रसूता (16) को प्रसव के लिए सीएचसी लाया गया था।

शाम 6:15 बजे उसका सामान्य प्रसव हुआ

नवजात की हालत ठीक नहीं होने पर शाम सात बजे उसे वीरांगना अवंतीबाई चिकित्सालय, गोलागंज रेफर कर दिया गया। तीमारदार आकाश नवजात को लेकर वहां चला गया और रास्ते मे नवजात की मौत हो गई। आरोप है कि रात करीब 10:15 बजे आकाश शराब के नशे में सीएचसी पहुंचा और प्रसूता को डिस्चार्ज करने के लिए स्टाफ पर दबाव बनाने लगा। स्टाफ ने डिस्चार्ज/लामा की सहमति दिए जाने के बावजूद उसने गालीगलौज शुरू कर दी। इससे अस्पताल के अन्य मरीज भी परेशान हुए

इसके बाद आरोपी ने लेबर रूम के दरवाजे में तोड़फोड़ कर उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और प्रसूता को लेकर अस्पताल से चला गया। सीएचसी अधीक्षक दीपक सिंह ने तहरीर में सरकारी भवन में तोड़फोड़ और मेडिकल स्टाफ से दुर्व्यवहार को गंभीर अपराध बताते हुए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुडम्बा थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article