सराय टोल प्लाजा के पास अलसुबह हुआ हादसा, दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट; सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद सराय टोल प्लाजा के पास गुरुवार अलसुबह तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे के बीच लगी ग्रिल से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक फरीदाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान कृष्णा कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय सोनू और 22 वर्षीय सुन्नी के रूप में हुई है। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सुबह करीब पौने चार बजे घर से दिल्ली जाने के लिए निकले थे। सोनू बाइक चला रहा था, जबकि सुन्नी पीछे बैठा था। करीब चार बजे सराय टोल प्लाजा के पास हाईवे पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तेज गति में होने के कारण बाइक संभल नहीं सकी और बीच सड़क पर लगी ग्रिल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना देकर जांच शुरू कर दी है
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा: हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें बाइक तेज रफ्तार से आती दिखाई दे रही है। सराय टोल के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे के बीच लगी ग्रिल से टकराती नजर आती है। फुटेज में किसी कार द्वारा बाइक को टक्कर मारने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है
स्रोत: www.thehindipioneer.com


