मौके पर सीपीआर देकर बचाई जान, डीसीपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद लघु सचिवालय बल्लभगढ़ में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से अचानक अचेत हुए चौकीदार की पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से जान बच गई। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए मौके पर ही सीपीआर देकर उन्हें प्राथमिक सहायता दी और बाद में एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली सहायता और उपचार के चलते चौकीदार की जान बच सकी
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे लघु सचिवालय बल्लभगढ़ स्थित एसडीएम कार्यालय में तैनात चौकीदार भीम सिंह को अचानक हार्ट अटैक आया और वह अचेत हो गए। उस समय वहां ड्यूटी पर तैनात ईएचसी रविंद्र और सीटी योगेंद्र ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत उनकी सहायता शुरू की। दोनों पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही सीपीआर देकर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया तथा तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर अस्पताल पहुंचाया।
इस दौरान एसपीओ ओमवीर ने भी सहायता पहुंचाने में सराहनीय भूमिका निभाई। पुलिसकर्मियों की तत्परता से समय रहते चौकीदार को चिकित्सा सुविधा मिल सकी और उनकी जान बच गई
पुलिसकर्मियों के इस सराहनीय कार्य की डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने प्रशंसा की। उन्होंने ईएचसी रविंद्र और सीटी योगेंद्र को उनके कर्तव्यनिष्ठ एवं मानवीय कार्य के लिए प्रशंसा पत्र तथा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं, एसपीओ ओमवीर को भी प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। डीसीपी ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आमजन की सहायता करना भी है।
तीनों पुलिसकर्मियों ने तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समय पर सीपीआर जैसी प्राथमिक सहायता मिलना ऐसे आपातकालीन मामलों में बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है। फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि पुलिसकर्मी सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर हैं तथा इस तरह के मानवीय कार्य पुलिस की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाते हैं
स्रोत: www.thehindipioneer.com


