एक लाख चौबीस हजार सात सौ रुपए और स्कूटी बरामद, दिल्ली-महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में घटनाओं को देते थे अंजाम
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन और उसके आसपास यात्रियों की रेकी कर चोरी व जेब काटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का क्राइम ब्रांच की एसओजी टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाख चौबीस हजार सात सौ रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। जांच में गिरोह के तार उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से जुड़े होने के साक्ष्य मिले हैं।
क्राइम ब्रांच को आठ सितंबर को सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय चोर और जेबकतरा गिरोह चारबाग रेलवे स्टेशन के आसपास सक्रिय है
सूचना के आधार पर एसओजी टीम ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के अहमदनगर निवासी संदीप सुधाकर तिजोरे, सोनभद्र निवासी अरविन्द गुप्ता, नासिक निवासी कुनाल विलास सिरसाठ, मुंबई निवासी जावेद अख्तर और गोण्डा निवासी सोनू शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक संदीप तिजोरे गिरोह का सरगना है, पूरे गिरोह को यही चलता था और लोगों को अपने गिरोह में शामिल करता था। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य प्लेटफॉर्म टिकट लेकर रेलवे स्टेशन में प्रवेश करते थे
इसके बाद यात्रियों के बीच घुल-मिलकर शिकार की तलाश करते थे। जनरल कोच, स्टेशन परिसर, ऑटो और ई-रिक्शा में सहयात्री बनकर बैठने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों की जेब साफ कर देते थे। गिरोह दिन के समय भी वारदात करता था और घटना के बाद तत्काल शहर बदल देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी एक शहर से दूसरे शहर जाने के लिए कई बार फ्लाइट का इस्तेमाल करते थे। चोरी से होने वाली कमाई से महंगे किराये के मकानों में रहते और लगातार ठिकाने बदलते थे।
पुलिस का दावा है कि गिरोह कभी-कभी करीब बीस लाख रुपये प्रतिमाह तक की कमाई करता था। पुलिस के मुताबिक गिरोह के खिलाफ लखनऊ में चोरी के तीन मामले सामने आए हैं। इनमें सैरपुर, दुबग्गा और जानकीपुरम थानों में दर्ज मुकदमे शामिल हैं
आरोपियों के कब्जे से बरामद एक लाख चौबीस हजार सात सौ रुपये इन्हीं घटनाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं। बरामदगी और आरोपियों के आपराधिक इतिहास के आधार पर संबंधित मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। एडीसीपी क्राइम किरण यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने चारबाग रेलवे स्टेशन से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गिरोह का सरगना संदीप तिजोरे भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ करीब बारह मामलों में आरोपपत्र दाखिल हो चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने दोबारा गिरोह बनाकर चारबाग समेत कई शहरों और राज्यों में चोरी की घटनाएं शुरू कर दी थीं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है
पानी और सामान बेचने वालों से करवाते थे रेकी
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह स्टेशन पर पानी और अन्य सामान बेचने वाले लोगों के माध्यम से यात्रियों की रेकी करवाता था। संदिग्ध यात्री की पहचान होने के बाद गिरोह के सदस्य उसके आसपास पहुंच जाते और भीड़ का फायदा उठाकर जेब काट देते थे। वारदात के बाद रकम लेकर तत्काल स्टेशन से निकल जाते थे
स्रोत: www.thehindipioneer.com


