उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय अनुदानित सह-शिक्षा एवं महिला महाविद्यालयों में सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के 1,936 रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन से पहले ओटीआर जरूरी
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। सहायक आचार्य पद के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित शैक्षिक योग्यता एवं अन्य पात्रता मानकों को पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। पदों की अर्हता एवं पात्रता से संबंधित जानकारी आयोग की ओर से जारी विज्ञापन में उपलब्ध कराई गई है।
7 अक्टूबर तक जमा कर सकेंगे आवेदन शुल्क
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है।
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 8 सितंबर 2026
- आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 7 अक्टूबर 2026
- आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि: 11 अक्टूबर 2026
- लिखित परीक्षा: 19 और 20 नवंबर 2026


