भाजपा सरकार में हाइवे जनता की सुविधा नहीं, जेब भरने का जरिया: अखिलेश यादव

Nikhil Malhotra
9 Min Read

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और सांप्रदायिक राजनीति को लेकर तीख…

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और सांप्रदायिक राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला। सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हाइवे और एक्सप्रेस-वे जनता की सुविधा के बजाय पार्टी से जुड़े लोगों की जेब भरने का माध्यम बन गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सड़क निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और बजट की लूट हो रही है तथा 60 प्रतिशत कमीशन का खेल चल रहा है। अखिलेश यादव ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए कहा कि इस पर 118 जगह सड़क टूटने और गड्ढे होने की स्थिति सामने आई है। उनका आरोप था कि जिस एजेंसी ने सड़क का निर्माण किया, उसे बोनस दिया गया और दूसरी जगह भी काम दे दिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बजट की लूट चल रही है और भ्रष्टाचार उजागर करने वालों तथा सच्चाई दिखाने वालों को धमकाया और डराया जा रहा है। एआई के इस्तेमाल को लेकर भाजपा पर निशानासपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार के पैसे और संसाधनों का इस्तेमाल कर कुछ लोग उनके और विपक्ष के खिलाफ एआई से वीडियो तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ वीडियो बनाए जाएंगे तो विपक्ष भी इसका जवाब देगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए होना चाहिए, न कि नकारात्मक राजनीति के लिए। उन्होंने कहा कि एआई का उपयोग चिकित्सा, कृषि और अन्य क्षेत्रों में किया जा सकता है। इससे गरीबों को समय पर इलाज मिल सकता है और किसानों को मौसम, फसलों की बीमारियों तथा संभावित आपदाओं की पहले जानकारी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि यदि किसान को समय रहते मौसम और फसल संबंधी खतरे की जानकारी मिल जाए तो वह अपनी फसल को बचाने की तैयारी कर सकता है।

“खेत मुस्कुराएगा, तब देश मुस्कुराएगा”, उन्होंने कहा। मस्जिद गिराए जाने पर सरकार को घेराअखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर अधिकारियों के माध्यम से सांप्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलने की संभावना थी तो मस्जिद क्यों गिराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कानून और संविधान को नहीं मानती। उनके मुताबिक सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है और अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भाषणों में सांप्रदायिक थी और अब अपने कार्यों से भी सांप्रदायिक हो गई है। अखिलेश ने कहा कि सपा प्रदेश में सांप्रदायिक माहौल की राजनीति को खत्म करने और भाईचारा बढ़ाने के लिए काम करेगी। उन्होंने सभी धर्मों के सम्मान और सामाजिक एकता को पार्टी की प्राथमिकता बताया। महंगाई, बेरोजगारी और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवालसपा प्रमुख ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश नहीं आ रहा है और युवाओं के लिए पर्याप्त नौकरियां नहीं हैं। उनका आरोप था कि सरकार सरकारी इमारतों और संसाधनों को बेचने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि या तो सरकार आर्थिक रूप से कंगाल हो चुकी है या फिर अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी संपत्तियों को बेचा जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि दिल्ली की सरकार दिल्ली से और लखनऊ की सरकार प्रदेश में संपत्तियां बेच रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।

स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार खुद मिलावट करा रही है। उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल की मिलावट का उल्लेख करते हुए कहा कि महंगाई आसमान पर है। उन्होंने दवाइयों में घोटाले और गरीबों को इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कई जगह एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचती और भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य तथा शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

उन्होंने बंद स्कूलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब सपा के नेता और कार्यकर्ता बंद स्कूलों का जायजा लेने पहुंचे तो सरकार ने उनके सामने पुलिस को खड़ा कर दिया। सहारनपुर जाने से रोके जाने पर पुलिस पर निशानासहारनपुर जा रहे सपा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों, सांसदों और विधायकों को उनके घरों पर रोके जाने के मामले में अखिलेश यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पुलिस चोरों, डकैतों और बदमाशों को पकड़ने के बजाय राजनीतिक लोगों की घेराबंदी कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि सहारनपुर जाने वाले समाजवादी पार्टी के सांसदों और विधायकों के घरों को पुलिस ने घेर रखा है। पीडीए को लेकर बोले- एकजुट है गठबंधनपीडीए को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए प्रोग्रेसिव लोगों का एलायंस है। उनके मुताबिक पीडीए से जुड़े लोग एक पीड़ा से बंधे हैं और इसमें पीड़ित, दुखी तथा अपमानित लोग शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि पीडीए पूरी तरह एकजुट है और प्रदेश में पीडीए की सरकार बनने जा रही है। अखिलेश ने कहा कि इसी वजह से भाजपा घबराई हुई है।

पीडीए को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से की जा रही टिप्पणियों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग पीडीए को “पराया धन” बता रहे हैं, उनका वीडियो पार्टी के धन के साथ सामने आया था। बाढ़ और विकास कार्यों पर भी सरकार को घेराप्रदेश में बाढ़ की स्थिति को लेकर अखिलेश यादव ने वाराणसी और गोरखपुर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और मुख्यमंत्री के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में एक जैसी स्थिति है और दोनों जगह नाव चल रही है।

उन्होंने वाराणसी में विकास कार्यों और विरासत संरक्षण को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शहर की पुरानी संस्कृति और विरासत को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि वाराणसी में करीब एक लाख करोड़ रुपये का बजट खर्च होने के बावजूद समस्याएं बनी हुई हैं। प्रयागराज और कानपुर में भी जलभराव का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि भारी बजट खर्च होने के बावजूद शहरों में पानी भर रहा है।

गोरखपुर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को बेहतर भविष्य की राह बताया गया था, वे ढह रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री खुद इंजीनियर बनकर डिजाइन कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है। साधु-संतों का सम्मान, संकीर्ण राजनीति का विरोधअखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी साधु-संतों का सम्मान करती है और आगे भी करती रहेगी।

हालांकि उन्होंने विपक्ष के खिलाफ कथित नकारात्मक प्रचार के लिए संकीर्ण विचारधारा वाले लोगों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक प्रचार और “पॉलिटिकल मेकअप” पर हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है और इसी माध्यम से विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक प्रचार किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य प्रदेश में भाईचारा बढ़ाना, सभी धर्मों का सम्मान करना और समाज को बांटने वाली राजनीति को समाप्त करना है

स्रोत: readnownews.in

Share This Article