कांग्रेस का डिजिटल दांव! QR कोड से मांगे निकाय चुनाव के टिकट आवेदन

shikha verma
3 Min Read

राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस ने टिकट के दावेदारों से आवेदन लेने के लिए एक नया डिजिटल तरीका अपनाया है। पार्टी ने पहली बार QR कोड के जरिए ऑनलाइन टिकट आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू की है।

बुधवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने QR कोड लॉन्च किया। पार्टी के अनुसार, प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही दिन करीब 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।

ऑफलाइन आवेदन की भी रहेगी सुविधा

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन करने में असमर्थ दावेदारों के लिए ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यदि ऑफलाइन फॉर्म में किसी तरह की तकनीकी या अन्य समस्या आती है, तो पार्टी कार्यालय में संबंधित आवेदन को ऑनलाइन दर्ज कराने की व्यवस्था की जाएगी।

हालांकि, पार्टी का जोर डिजिटल आवेदन प्रक्रिया पर रहेगा, जबकि ऑफलाइन आवेदन को विशेष परिस्थितियों के लिए रखा गया है।

युवाओं पर कांग्रेस का खास फोकस

QR कोड के जरिए मोबाइल से सीधे आवेदन करने की सुविधा को कांग्रेस की युवा मतदाताओं और नए राजनीतिक चेहरों तक पहुंच बनाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने निकाय चुनाव में कम से कम 50 फीसदी टिकट युवाओं को देने का लक्ष्य रखा है।

कांग्रेस के मुताबिक, 50 वर्ष तक की उम्र वाले दावेदारों को युवा श्रेणी में शामिल किया जाएगा।

डिजिटल आवेदन से तैयार होगा रिकॉर्ड

पार्टी का कहना है कि QR कोड आधारित आवेदन प्रक्रिया से टिकट के लिए आवेदन करना आसान और तेज होगा। साथ ही सभी आवेदनों का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद टिकट को लेकर राजनीतिक दलों में गतिविधियां बढ़ गई हैं। कांग्रेस की इस नई डिजिटल पहल का चुनावी टिकट वितरण में कितना फायदा मिलता है, यह आने वाले दिनों में सामने आएगा। हालांकि, पहले ही दिन 5 हजार से अधिक आवेदन मिलना टिकट के लिए बड़ी संख्या में दावेदारों की मौजूदगी का संकेत जरूर देता है।

Share This Article
Leave a Comment