Awarapan 2: बॉक्स ऑफिस पर छाई इमरान हाशमी की फिल्म, 5 दिन में कमाए 100 करोड़

shikha verma
3 Min Read

इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पांचवें दिन यानी मंगलवार को भी फिल्म ने अच्छी कमाई की और इसी के साथ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया।

फिल्म को रिलीज से पहले लेकर दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला था। ‘आवारापन’ फ्रेंचाइजी से जुड़ी पुरानी यादों और इमरान हाशमी की वापसी का फिल्म को फायदा मिलता नजर आ रहा है। शुरुआती वीकेंड में जबरदस्त कमाई करने के बाद सोमवार को कलेक्शन में गिरावट आई, लेकिन मंगलवार को फिल्म ने फिर रफ्तार पकड़ ली।

पांचवें दिन कितना रहा कलेक्शन?

‘आवारापन 2’ ने पहले दिन 22 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दूसरे दिन फिल्म ने 33.75 करोड़, तीसरे दिन 26 करोड़ और चौथे दिन 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

अब सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को फिल्म ने करीब 9.50 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही फिल्म का पांच दिनों का कुल नेट कलेक्शन 100.50 करोड़ रुपये हो गया है।

100 करोड़ क्लब में शामिल हुई ‘आवारापन 2’

पांचवें दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार करते ही ‘आवारापन 2’ इस साल 100 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली सातवीं फिल्म बन गई है। फिल्म ने महज पांच दिनों में यह उपलब्धि हासिल की है, जो मेकर्स और इमरान हाशमी के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

अब फिल्म की नजर ‘कॉकटेल 2’ के 104.53 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन पर है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए उम्मीद है कि ‘आवारापन 2’ जल्द ही इस आंकड़े को पीछे छोड़ सकती है।

क्लैश के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़

‘आवारापन 2’ का बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ से मुकाबला भी हो रहा है। इसके बावजूद फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है।

फिल्म की लगातार कमाई से साफ है कि इमरान हाशमी की वापसी और ‘आवारापन’ की पुरानी यादों ने दर्शकों के बीच अच्छा कनेक्शन बनाया है। आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में और इजाफा होता है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा।

Share This Article
Leave a Comment