समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की स्थिति में आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चा को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए कानून-व्यवस्था, पिछड़ा वर्ग, बहुजन समाज और आजम खान को लेकर अखिलेश यादव की राजनीति पर कई सवाल उठाए।
राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है तो वह सार्वजनिक तौर पर यह ऐलान करें कि सत्ता में आने पर आजम खान को गृह मंत्री नहीं बनाया जाएगा।
‘गांव बसा नहीं, लुटेरे पहले आ गए’
ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए की। उन्होंने लिखा, “ए अखिलेश बाबू! एक कहावत है न कि गांव बसा नहीं, लुटेरे पहले आ गए।”
राजभर ने दावा किया कि आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चा सामने आते ही सपा समर्थकों में उत्साह बढ़ गया है। उन्होंने अखिलेश यादव से लखनऊ के पारा इलाके में हुई एक घटना को लेकर भी सवाल किया और आरोप लगाया कि उनके समर्थकों के चलते पुलिस-प्रशासन के सामने चुनौती की स्थिति पैदा हुई।
मुजफ्फरनगर जैसे दंगे का जिक्र कर घेरा
आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चा को लेकर राजभर ने अखिलेश यादव पर सबसे तीखा हमला किया। उन्होंने सवाल किया कि क्या आजम खान को गृह मंत्री बनाकर अखिलेश यादव “मुजफ्फरनगर जैसा दंगा” उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में करवाना चाहते हैं?
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा की सत्ता में वापसी की कोशिशों के पीछे ऐसी राजनीति हो सकती है, जिसमें कानून-व्यवस्था को लेकर टकराव की स्थिति पैदा हो। हालांकि, ये सभी आरोप राजभर ने अपने राजनीतिक बयान के तौर पर लगाए हैं।
‘रामपुरी चाकू का डर दिखाकर गैर-यादव पिछड़ों को पिटवाएंगे?’
राजभर ने अखिलेश यादव पर सत्ता की राजनीति को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद गैर-यादव पिछड़ों और बहुजन समाज के लोगों पर दबाव बनाने के लिए “रामपुरी चाकू” का डर दिखाया जा सकता है।
उन्होंने जमीन-जायदाद पर कब्जे और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए और इन्हें सपा के पुराने शासनकाल की राजनीति से जोड़ने की कोशिश की।
‘इस जन्म में सत्ता का सपना छोड़ दीजिए’
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इस जन्म में सत्ता में वापसी का सपना छोड़ देना चाहिए और अगली पैदाइश में आजम खान को गृह मंत्री बनाने की तैयारी करनी चाहिए।
राजभर ने आजम खान के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर वह बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हैं, उसे गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चा से बहुजन समाज में डर का माहौल है।
‘बहुजन समाज डरा हुआ है’
राजभर ने अपने पोस्ट में दावा किया कि आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की चर्चा से बहुजन समाज के बीच आशंका पैदा हुई है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति से बहुजन समाज को डराने का काम किया जा रहा है।
अखिलेश यादव को दी खुली चुनौती
अपने पोस्ट के अंत में ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को सीधी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव में दम है तो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से यह घोषणा कर दें कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री नहीं बनाया जाएगा।
राजभर ने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव ऐसा सार्वजनिक ऐलान करने का साहस दिखाएंगे। आजम खान को लेकर शुरू हुई यह सियासी बयानबाजी आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति में और तेज होने के संकेत दे रही है।


