वीरांगना अवंती बाई का बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: सीएम योगी

shikha verma
5 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए रानी अवंती बाई को 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर की महान क्रांतिकारियों में शामिल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की वीरांगनाओं का तप, त्याग और बलिदान आज भी प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

कम उम्र में देश के लिए किया सर्वस्व न्योछावर

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1857 में रानी अवंती बाई लोधी की आयु महज 27 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उनका साहस और राष्ट्रभक्ति आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई उन महान नायिकाओं में थीं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने जीवन की परवाह नहीं की। उनके नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया गया। देश की स्वतंत्रता के लिए उनके योगदान को प्रत्येक भारतवासी श्रद्धा के साथ स्मरण करता है।

तीनों महिला पीएसी बटालियन में स्थापित होंगी वीरांगनाओं की प्रतिमाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वीरांगनाओं के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए प्रदेश सरकार ने तीन नई महिला पीएसी बटालियन का गठन किया है। इन बटालियनों का नाम वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी, वीरांगना ऊदा देवी पासी और वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर रखा गया है।

उन्होंने बताया कि बदायूं में रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर गठित महिला पीएसी बटालियन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और वहां उनकी अश्वारोही प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं, लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर गठित महिला पीएसी बटालियन के कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। दोनों स्थानों पर वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाओं की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है।

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता

सीएम योगी ने कहा कि वीरांगनाओं के नाम पर किए जा रहे कार्यों के पीछे सरकार का उद्देश्य केवल उनके योगदान को सम्मान देना नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां सुरक्षित वातावरण में सम्मान के साथ आगे बढ़ें और समाज के हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाएं, इसके लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि बेटियां आत्मनिर्भर बनें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

पुलिस बल में महिलाओं की संख्या 45 हजार से अधिक

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत महिला भर्ती को अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 45 हजार से अधिक हो गई है।

सीएम योगी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल नारे तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को धरातल पर मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महिलाएं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, विधायक जय देवी, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Share This Article
Leave a Comment