उत्तर प्रदेश बनेगा डिजिटल क्रिएटिव हब, जेवर में एनीमेशन-गेमिंग इंडस्ट्री को मिलेगा बढ़ावा

shikha verma
4 Min Read

उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अब डिजिटल क्रिएटिव और उभरती तकनीक आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है।

इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की ओर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) और प्रस्तावित इंटरनेशनल फिल्म सिटी के पास अत्याधुनिक एवीजीसी-एक्सआर (Animation, Visual Effects, Gaming, Comics and Extended Reality) पार्क विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

यह पार्क उत्तर प्रदेश को एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, डिजिटल कंटेंट और इमर्सिव टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा। परियोजना के जरिए उच्च कौशल आधारित रोजगार, निवेश और नवाचार को भी बढ़ावा मिलेगा।

एवीजीसी-एक्सआर को फोकस सेक्टर के रूप में बढ़ावा

योगी सरकार ने एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) को प्रदेश के प्रमुख फोकस सेक्टर में शामिल किया है। इसी रणनीति के तहत जेवर में यह अत्याधुनिक पार्क विकसित किया जा रहा है।

सरकार का उद्देश्य डिजिटल क्रिएटिव इंडस्ट्री को मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर घरेलू और वैश्विक कंपनियों को आकर्षित करना, स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर तैयार करना है।

डिजिटल क्रिएटिव हब के रूप में विकसित होगा पार्क

प्रस्तावित एवीजीसी-एक्सआर पार्क को एकीकृत डिजिटल क्रिएटिव इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां देश-विदेश की कंपनियों, स्टार्टअप्स, कंटेंट क्रिएटर्स और तकनीकी विशेषज्ञों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इससे प्रदेश में डिजिटल मनोरंजन, मीडिया, गेमिंग और कंटेंट निर्माण से जुड़े उद्योगों को नई गति मिलेगी और उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बनकर उभर सकेगा।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पार्क

एवीजीसी-एक्सआर पार्क में आधुनिक तकनीक से जुड़ी कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से:

  • एनिमेशन स्टूडियो
  • वीएफएक्स स्टूडियो
  • गेम डेवलपमेंट और डिजाइन सेंटर
  • मोशन कैप्चर स्टूडियो
  • वर्चुअल प्रोडक्शन सुविधाएं
  • एआई आधारित कंटेंट क्रिएशन सेंटर
  • एक्सआर, वीआर और एआर लैब
  • डिजिटल मीडिया एवं इमर्सिव कंटेंट डेवलपमेंट सेंटर

शामिल होंगे।

इन सुविधाओं से फिल्म, वेब सीरीज, गेमिंग, विज्ञापन, डिजिटल एजुकेशन, वर्चुअल ट्रेनिंग और इमर्सिव मीडिया जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

जेवर एयरपोर्ट और फिल्म सिटी का मिलेगा फायदा

जेवर एयरपोर्ट और इंटरनेशनल फिल्म सिटी के नजदीक विकसित होने वाला यह पार्क निवेशकों और उद्योगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। एक्सप्रेसवे नेटवर्क, एयर कार्गो सुविधाओं और बेहतर लॉजिस्टिक व्यवस्था का लाभ भी इस परियोजना को मिलेगा।

एवीजीसी-एक्सआर पार्क के माध्यम से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। एनिमेशन, गेमिंग, ग्राफिक्स, विजुअल इफेक्ट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में कुशल युवाओं की मांग बढ़ेगी।

भारत को वैश्विक एवीजीसी-एक्सआर हब बनाने की दिशा में कदम

यीडा का यह प्रोजेक्ट भारत को एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह परियोजना उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ प्रदेश को डिजिटल कंटेंट और मनोरंजन उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होगी।

Share This Article
Leave a Comment