सीएम योगी ने आलम बदी को किया याद, बोले— सादगी और जनसेवा की थे मिसाल

shikha verma
3 Min Read

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान विधायक आलम बदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा के 21 पूर्व सदस्यों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 90 वर्ष से अधिक आयु होने के बावजूद आलम बदी की राजनीतिक सक्रियता सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत थी। उन्होंने कहा कि उनका लगातार निर्वाचित होना इस बात का प्रमाण है कि यदि कोई जनप्रतिनिधि जनता और अपने क्षेत्र के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करे, तो आयु कभी बाधा नहीं बनती।

मुख्यमंत्री ने बताया कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक आलम बदी का 23 जुलाई को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वे वर्तमान विधानसभा के सबसे वरिष्ठ और वयोवृद्ध सदस्य थे। उनका जन्म 16 मार्च 1936 को आजमगढ़ जिले के बिंदवल गांव में हुआ था।

आलम बदी पहली बार वर्ष 1996 के मध्यावधि विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 2002, 2012, 2017 और 2022 में आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की। वे पांच बार विधानसभा सदस्य रहे और विभिन्न समितियों में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ वर्तमान में विधानसभा की आचार समिति के सदस्य भी थे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आलम बदी अपनी सरलता, विनम्रता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। प्रदेश की राजनीति में उन्होंने सादगी और बेदाग सार्वजनिक जीवन की मिसाल कायम की। गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष रुचि थी। वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाते रहे और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आलम बदी के निधन से उत्तर प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि, कुशल राजनीतिज्ञ और समर्पित समाजसेवी को खो दिया है।

21 पूर्व विधायकों को भी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व विधायक एवं पूर्व विधानसभा सदस्यों राजेंद्र त्रिपाठी, भोला पांडेय, अमिताभ लवानिया, सुब्बाराम, जगन्नाथ चौधरी, रामप्यारे आजाद, गोपीनाथ वर्मा, यशपाल सिंह, राधेश्याम भारती, संग्राम सिंह, हरिनारायण राजभर, डॉ. भगवत दयाल, अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’, ओमवती देवी, मोहर सिंह, अफसर यू. अहमद, तेजभान सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, प्यारेलाल शंखवार, ओमकार सिंह और हनुमंत सिंह के निधन पर भी शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Share This Article
Leave a Comment