मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सुनिश्चित करना है। गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरु पूर्णिमा पर्व के धार्मिक कार्यक्रमों में व्यस्तता के बावजूद मुख्यमंत्री ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया और लोगों की समस्याएं सुनीं।
जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर पहुंचे लोगों के पास जाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। प्रत्येक शिकायत का समाधान समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है और सरकार हर जरूरतमंद की मदद के लिए तत्पर है।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का दिया भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वस्त किया कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्यक्ति का इलाज प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज से संबंधित अनुमानित खर्च (एस्टीमेट) की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजी जाए, ताकि आवश्यक सहायता राशि जारी कर इलाज की व्यवस्था की जा सके।
बच्चों को दिया स्नेह और आशीर्वाद
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ आए बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को प्यार और आशीर्वाद दिया तथा उन्हें चॉकलेट भेंट की।
मुख्यमंत्री का कहना है कि जनता दर्शन का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।


