सम्राट सरकार का बड़ा फैसला, 11 प्रमुख धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा BSAP के हवाले

shikha verma
2 Min Read

बिहार सरकार ने राज्य के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रदेश के 11 महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) को सौंपी गई है।

यह व्यवस्था अधिसूचना जारी होने के साथ ही लागू हो गई है। सरकार का कहना है कि इन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत महसूस की गई।

गृह विभाग ने बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम, 2021 के तहत इन स्थानों को अधिसूचित प्रतिष्ठान घोषित किया है। इसके तहत सुरक्षा बलों की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को बेहतर किया जाएगा।

इन प्रमुख स्थलों में पटना स्थित तख्त श्री हरिमंदिर साहिब, महावीर मंदिर, गया का विष्णुपद मंदिर, सीतामढ़ी का पुनौरा धाम, बगही धाम, वैशाली का बुद्ध अवशेष स्तूप, राजगीर का विश्व शांति स्तूप, नालंदा के प्राचीन अवशेष, भागलपुर स्थित विक्रमशिला विश्वविद्यालय के खंडहर और सासाराम स्थित शेरशाह का मकबरा शामिल हैं।

सरकार के अनुसार, इन धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। BSAP की तैनाती से भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा निगरानी और आपात परिस्थितियों से निपटने में मदद मिलेगी।

राज्य सरकार का उद्देश्य इन महत्वपूर्ण धरोहरों और आस्था केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाना है, ताकि आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

Share This Article
Leave a Comment