राजधानी दिल्ली में CJP प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने कनॉट प्लेस क्षेत्र में दुकानों, रेस्तरां और कार्यालयों को 23 जुलाई की शाम 6:30 बजे तक बंद करने की अपील की है।
NDTA की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह तथा कनॉट प्लेस के आसपास की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों से सहयोग करने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पत्र में कहा गया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कनॉट प्लेस में सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय तक बंद करने का अनुरोध किया गया है।
प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ी
CJP प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए गए हैं। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर साधा निशाना
इस मामले पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कनॉट प्लेस को शाम 6:30 बजे बंद करने के आदेश, भारी सुरक्षा व्यवस्था और एंबुलेंस की तैनाती को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है। हालांकि, प्रशासन की ओर से सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने की अपील की गई है।


