कुलदीप यादव को नहीं मिली टीम इंडिया में जगह, अब यॉर्कशायर के लिए दिखाएंगे जलवा

shikha verma
2 Min Read

भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अब इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट टीम यॉर्कशायर के लिए खेलते नजर आएंगे। भारतीय टीम में लगातार मौके नहीं मिलने के बीच कुलदीप ने काउंटी क्लब के साथ जुड़ने का फैसला किया है।

हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में भी जगह नहीं मिली। अब वह यॉर्कशायर के लिए अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने की कोशिश करेंगे।

यॉर्कशायर के लिए इतने मैच खेलेंगे कुलदीप

यॉर्कशायर क्रिकेट क्लब ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि 31 वर्षीय भारतीय स्पिनर वनडे कप के पांच मुकाबलों के लिए टीम का हिस्सा रहेंगे। इसके बाद सितंबर में काउंटी चैंपियनशिप के आखिरी चार मुकाबलों में से तीन मैचों में भी वह टीम के साथ उपलब्ध रहेंगे।

24 जुलाई को हो सकता है पहला मुकाबला

यॉर्कशायर का अगला वनडे कप मुकाबला 24 जुलाई को ग्लैमॉर्गन के खिलाफ खेला जाएगा। इसी मैच से कुलदीप यादव टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। हालांकि, उन्हें इस मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा या नहीं, यह टीम मैनेजमेंट के फैसले पर निर्भर करेगा।

यॉर्कशायर से जुड़ने पर कुलदीप ने जताई खुशी

यॉर्कशायर से जुड़ने के बाद कुलदीप यादव ने कहा कि वह इस मौके को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इंग्लिश परिस्थितियों में खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण और शानदार अनुभव रहा है। कुलदीप ने यॉर्कशायर के साथ जुड़ने को सम्मान बताते हुए कहा कि वह टीम के लिए सकारात्मक योगदान देने की पूरी कोशिश करेंगे। अब सभी की नजरें कुलदीप यादव के प्रदर्शन पर होंगी, जहां वह काउंटी क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी से एक बार फिर अपनी क्षमता साबित करना चाहेंगे।

Share This Article
Leave a Comment