दिल्ली में जारी छात्र प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी कानूनी कार्रवाई से पीछे हटने वाला नहीं है और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का विरोध करेगा।
आशुतोष रांका ने कहा कि प्रदर्शन से पहले ही संगठन ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी थी। उन्होंने दावा किया कि 20 जुलाई को हुआ प्रदर्शन केवल शुरुआत थी और अगर सरकार मांगों पर विचार नहीं करती है तो आने वाले समय में आंदोलन और बड़ा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर है और संगठन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहा है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़पों पर प्रतिक्रिया देते हुए रांका ने कहा कि आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
‘किसी प्रदर्शनकारी के खिलाफ FIR नहीं होने देंगे’
CJP प्रवक्ता ने कहा कि संगठन की मांग है कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज न की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के कार्यकर्ता किसी भी कानूनी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “हम UAPA और NSA जैसी धाराओं के तहत कार्रवाई के लिए भी तैयार हैं। अपने मुद्दों के लिए जेल जाना हमारे लिए बड़ी कीमत नहीं है।”
सरकार से की मांगों पर विचार करने की अपील
आशुतोष रांका ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी एक राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है, बल्कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन देशहित से जुड़े मुद्दों को लेकर है और जो भी लोग इन मांगों का समर्थन करते हैं, उनका स्वागत है।


