राजधानी पटना में बुधवार (22 जुलाई) को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की ओर से राजभवन मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
AISA ने यह प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया। संगठन का कहना है कि वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में भी प्रदर्शन कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद कई छात्र मौके पर डटे रहे और प्रदर्शन जारी रखा।
मीडियाकर्मियों से धक्का-मुक्की की घटनाएं
प्रदर्शन के दौरान कुछ मीडियाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की घटनाएं भी सामने आईं। विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने कवरेज के दौरान अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की शिकायत की। इस दौरान कुछ पत्रकारों को चोटें आने की भी सूचना है।
छात्रों की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी रही।


