चर्चित शिक्षक खान सर (फैसल खान) के एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। उनके ‘जीजा’ वाले बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बिहार के पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू ने खान सर पर निशाना साधते हुए कार्रवाई की मांग की है।
नीरज कुमार बबलू ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि खान सर के बयान को लेकर कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बिहार के छात्रों से भी अपील की कि वे ऐसे शिक्षकों का बहिष्कार करें।
क्या था खान सर का बयान?
एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान खान सर ने अपने नाम को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि जो लोग उन्हें ‘जीजा’ मानते हैं, वही उन्हें फैसल खान के नाम से पहचानते हैं। इसी बयान को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में बहस शुरू हो गई।
BJP विधायक ने साधा निशाना
नीरज कुमार बबलू ने खान सर के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर छात्रों को भ्रमित करने का काम करते हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने खान सर को लेकर कहा कि वह शिक्षक नहीं बल्कि केवल दिखावा करते हैं। साथ ही उन्होंने बिहार के छात्रों से ऐसे शिक्षकों से दूरी बनाने की अपील की।
पहले भी नेताओं ने दी थी प्रतिक्रिया
खान सर के बयान पर इससे पहले सांसद पप्पू यादव भी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि इस तरह के बयान से बचना चाहिए और विवाद को बढ़ाने के बजाय सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए।
पप्पू यादव ने खान सर और रौशन आनंद दोनों से अपील की थी कि वे ऐसी बातों से बचें, जिससे विवाद और गहरा हो। फिलहाल खान सर के बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है और यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।


