दिल्ली में जंतर-मंतर मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद डिंपल यादव समेत कई सांसदों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। हजरतगंज चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखने को मिली।
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान डिंपल यादव के साथ सपा सांसद प्रिया सरोज, रुचि वीरा, इकरा हसन और धर्मेंद्र यादव समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसकी जानकारी मिलते ही लखनऊ में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता हजरतगंज पहुंच गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने जब कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका तो दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की हो गई।
संसद मार्च के बाद सपा सांसदों ने निकाला मार्च
यह कार्रवाई उस समय हुई जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में सपा सांसदों ने संसद से जंतर-मंतर तक मार्च निकाला था। इसी दौरान डिंपल यादव समेत कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
सपा ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया और भाजपा सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अत्याचार किया गया और इसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है।
डिंपल यादव ने सरकार पर साधा निशाना
डिंपल यादव ने पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के इतिहास में एक काला दिन है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने बिना वर्दी के प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की और छात्रों पर बल प्रयोग किया।
डिंपल यादव ने मांग की कि शिक्षा मंत्री को हटाया जाए और सरकार इस पूरे मामले की जिम्मेदारी ले। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं का विरोध जारी
डिंपल यादव की हिरासत के बाद लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, सपा नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है।


