उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में देवीपाटन मंडल में चलाए जा रहे ‘संध्या संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान कराया गया।
श्रावस्ती जिले में आयोजित संध्या संवाद कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जीपीएफ और अन्य सेवा संबंधी देयों के भुगतान में देरी की शिकायत रखी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। कार्रवाई के परिणामस्वरूप कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों के खातों में कुल 89 लाख 41 हजार 612 रुपये की जीपीएफ राशि भेजी गई।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिली आर्थिक राहत
जीपीएफ भुगतान पाने वालों में प्रकाश नारायण पाठक, राजेंद्र प्रसाद पांडेय, सुनील श्रीवास्तव, प्रेम नारायण वर्मा, कौशल्या देवी, अवधेश कुमार और भगवान दीन वर्मा समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अधिकारियों को निर्देश देते रहे हैं कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ किया जाए। इसी उद्देश्य से ‘संध्या संवाद’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जनता और प्रशासन के बीच बढ़ रहा भरोसा
योगी सरकार ने देवीपाटन मंडल में ‘संध्या संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत श्रावस्ती की ग्राम पंचायत टेण्डवा महन्थ से की थी। इस कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याएं मौके पर सुनी जाती हैं और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान कराया जाता है।
प्रशासन का कहना है कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से आम लोगों और सरकारी तंत्र के बीच विश्वास मजबूत हो रहा है और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में तेजी आ रही है।


