WhatsApp का यूजरनेम फीचर जांच के दायरे में, सरकार ने शुरू किया रिव्यू

shikha verma
2 Min Read

मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp के नए यूजरनेम फीचर को लेकर सरकार ने सतर्क रुख अपनाया है। इस फीचर के दुरुपयोग की आशंकाओं के चलते इसे अब रिव्यू के दायरे में लाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि इस फीचर का इस्तेमाल फ्रॉड, फर्जी पहचान या स्कैम जैसी गतिविधियों में किया जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी प्लेटफॉर्म यानी WhatsApp पर भी तय की जा सकती है।

यह फीचर यूजर्स को मोबाइल नंबर साझा किए बिना यूजरनेम के जरिए बातचीत करने की सुविधा देता है, ठीक उसी तरह जैसे Telegram में होता है। इससे पहली बार संपर्क करने पर सामने वाले का मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा, जिससे प्राइवेसी तो बढ़ेगी, लेकिन सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं भी पैदा हो रही हैं।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यूजरनेम आधारित सिस्टम से फर्जी पहचान बनाना, किसी अन्य व्यक्ति के नाम का दुरुपयोग करना और स्कैम बढ़ने की संभावना हो सकती है। इसी कारण इस फीचर की विस्तृत समीक्षा की जा रही है और जरूरत पड़ने पर कंपनी से जवाब-तलब भी किया जा सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने साफ किया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी तकनीक का दुरुपयोग न हो, वरना कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

वहीं WhatsApp का कहना है कि यह फीचर यूजर प्राइवेसी को मजबूत करने के उद्देश्य से लाया जा रहा है। कंपनी का दावा है कि इसमें सुरक्षा से जुड़े कई उपाय शामिल किए गए हैं, जैसे फर्जी पहचान की पहचान करना, संपर्क सीमित करना और यूजरनेम से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था।फिलहाल यह फीचर अभी पूरी तरह से रोलआउट नहीं हुआ है, लेकिन यूजरनेम रिजर्व करने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।

Share This Article
Leave a Comment