फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगाकर बीजेपी नेता की दर्दनाक मौत, जांच जारी

shikha verma
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र के कटगोड़ी गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बीजेपी नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन में जलकर मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात यह घटना उस समय हुई जब भरत सिंह अपने साथियों के साथ दो वाहनों में सवार होकर नवगई गांव की ओर जा रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले एक टिपर वाहन से उनकी फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर उसे रोक दिया और दरवाजे जाम कर दिए, जिससे अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।

इसके बाद वाहन में कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

घायलों को पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।

Share This Article
Leave a Comment