आइटा चैंपियनशिप सीरीज : तेजस, अंकुर, शुभि और सौंदर्या ने जीते खिताब

Nikhil Malhotra
2 Min Read

पायनियर समाचार सेवा। लखनऊ

तेजस सिंह, अंकुर आलोक, शुभि रंजन और सौंदर्या जायसवाल ने आइटा चैंपियनशिप सीरीज 2026 के अलग-अलग वर्गों में खिताब अपने नाम किए। विजयंत खंड मिनी स्टेडियम, गोमतीनगर में यूपी टेनिस एसोसिएशन और केसरी स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया

शुक्रवार को खेले गये बालक अंडर-14 एकल के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त तेजस सिंह ने हमवतन अर्णव श्रीवास्तव को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराकर खिताब जीता। तेजस ने शुरूआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और महत्वपूर्ण मौकों पर अंक हासिल करते हुए मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। अंडर-12 बालक एकल के फाइनल में बिहार के शीर्ष वरीय अंकुर आलोक ने यूपी के पांचवीं वरीयता प्राप्त अर्णव श्रीवास्तव को 6-3, 6-1 से पराजित किया।

बालक अंडर-14 युगल में छत्तीसगढ़ के कौटिल्य कुमार और महाराष्ट्र के आयुष देवस्कर की जोड़ी ने कड़े मुकाबले में यूपी के तेजस सिंह और पविथ सिंह को हराकर खिताब अपने नाम किया। दोनों जोड़ियों के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। कौटिल्य और आयुष ने 7-6 (0), 3-6, 10-7 से जीत दर्ज की

बालिका अंडर-12 एकल फाइनल में शीर्ष वरीय शुभि रंजन ने शानदार वापसी करते हुए चौथी वरीय सिया सिंह को 0-6, 6-1, 10-5 से शिकस्त दी। पहला सेट गंवाने के बाद शुभि ने अगले दोनों सेट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। वहीं बालिका अंडर-14 एकल में शीर्ष वरीय सौंदर्या जायसवाल ने चौथी वरीय सिद्धि सिंह को 6-1, 6-2 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। समापन समारोह में यूपीटीए सचिव पुनीत अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे।

इस दौरान केसरी स्पोर्ट्स के निदेशक अमित केसरी और टूनार्मेंट रेफरी उजैर अहमद आजमी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article