उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में पांच लोगों की हत्या के आरोपी आमिर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश में कई टीमें लगी थीं। सोमवार तड़के टांडा-बांदा हाईवे पर उसकी लोकेशन मिली। जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो आमिर ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
क्या था पूरा मामला
यह मामला 2 मई का है, जब अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में चार सगे भाई-बहनों के शव उनके घर से बरामद हुए थे। शुरुआत में बच्चों की मां पर ही शक जताया गया था। हालांकि, अगले दिन मां का शव भी घर से करीब 100 मीटर दूर नाले के पास मिला, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
जांच के दौरान आरोपी आमिर का नाम सामने आया, जो उसी इलाके का रहने वाला था।
शादी और संपत्ति को लेकर विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला पर शादी का दबाव बना रहा था, ताकि उसकी संपत्ति पर कब्जा कर सके। महिला के पति के सऊदी अरब में रहने और दूसरी शादी कर लेने के कारण वह बच्चों के साथ अकेली रह रही थी।
जब महिला ने शादी से इनकार किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर महिला और उसके चार बच्चों की हत्या कर दी।
पहले भी जा चुका था जेल
आमिर पहले भी हत्या और दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

