वरिष्ठ पर्यावरण मित्रों का धरना नौवें दिन भी जारी, कल से काली पट्टी बांधकर करेंगे प्रदर्शन

Nikhil Malhotra
2 Min Read

पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। प्रभारी पर्यावरण पर्यवेक्षक की नियुक्ति में वरिष्ठ पर्यावरण मित्रों को प्राथमिकता देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर देवभूमि उत्त…

पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। प्रभारी पर्यावरण पर्यवेक्षक की नियुक्ति में वरिष्ठ पर्यावरण मित्रों को प्राथमिकता देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों का नगर निगम प्रांगण में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को नौवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक व्यवस्था के नाम पर चल रही कथित धांधलेबाजी बंद नहीं होती और उन्हें उनका अधिकार नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदेश सदस्य विजय पाल ने कहा कि वरिष्ठ पर्यावरण मित्र लंबे समय से प्रभारी पर्यावरण पर्यवेक्षक की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था के नाम पर पूर्व की व्यवस्था को ही जारी रखते हुए कुछ सेवानिवृत्त कर्मचारियों, उनके आश्रितों और नायकों को वार्डों की जिम्मेदारी दी जा रही है। इसके बाद वार्डों की जिम्मेदारी अपने चहेते कर्मचारियों व परिजनों को सौंपे जाने का आरोप लगाया।

विजय पाल ने कहा कि नौ दिन से धरना जारी होने के बावजूद विभाग द्वारा सुध नहीं ली गई। इसके विरोध में 11 सितंबर से कर्मचारी काली पट्टी बांधकर धरना देंगे। कर्मचारियों ने प्रभारी पर्यावरण पर्यवेक्षक की नियुक्ति में वरिष्ठ पर्यावरण मित्रों को प्राथमिकता देने, पूर्व की व्यवस्था समाप्त करने तथा कार्यालय आदेश संख्या 1100, दिनांक 28 जुलाई 2026 को लागू करने की मांग की।

धरने पर दिनेश चौधरी, विश्वास चौहान, राजेश उर्फ खन्ना, प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार, प्रेम सिंह, अलंकार, लक्की, शिवम पाल, मुकेश, जयपाल और सिद्धार्थ चौहान आदि मौजूद रहे

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article