कार की टक्कर से टहलने निकली महिला की मौत

Nikhil Malhotra
2 Min Read

कार चालक महिला घायल को निजी अस्पताल ले गई, इलाज के दौरान तोड़ा दम

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित आईआईएम रोड एल्डिको सिटी सेक्टर-बी निवासी कुसुम चौहान (53) की मंगलवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। वह रोजाना की तरह शाम को टहलने के लिए घर से पैदल निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार कार चला रही महिला ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के मुताबिक, कुसुम मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे घर से पैदल टहलने के लिए निकली थीं।

कुछ देर बाद उन्हें सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली

बताया गया कि कार चला रही महिला ही घायल कुसुम को ठाकुरगंज स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंची। इसके साथ ही उसने हादसे की जानकारी कुसुम के परिजनों को दी। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान कुसुम ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुसुम के परिवार में पति दिनेश चौहान, एक बेटा और एक बेटी हैं

उनके पति दिनेश चौहान बख्शी का तालाब क्षेत्र स्थित एक स्कूल में शिक्षक हैं। परिजनों के मुताबिक कुसुम घर-परिवार की जिम्मेदारियां संभालने के साथ ही नियमित रूप से शाम को टहलने के लिए निकलती थीं। परिवार के लिए मंगलवार की शाम रोज की तरह सामान्य थी, लेकिन सड़क हादसे ने कुछ ही देर में उनकी खुशियां मातम में बदल दीं। मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस कार और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

साथ ही दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article