फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फिल्म के निर्माता, निर्देशक और प्रमुख कलाकार मौजूद रहे। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और मुख्य अभिनेता शोभिनव ने मुख्यमंत्री को फिल्म की कहानी, विषयवस्तु और इसकी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी दी।
फिल्म के आध्यात्मिक पक्ष से कराया परिचित
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण दृश्यों को भी देखा। इनमें गुरु गोरखनाथ और नाथ संप्रदाय से संबंधित प्रसंगों को प्रमुखता से दिखाया गया है।
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिल्म में प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी और नाथ संप्रदाय के सिद्ध संतों से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का विशेष चित्रण किया गया है। फिल्म में आध्यात्मिक परंपरा और संतों के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को कहानी के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
सीएम योगी ने टीम को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म के विषय और निर्माण से जुड़े प्रयासों की सराहना की। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके आगामी कार्यों के लिए भी मंगलकामना की।
फिल्म की टीम ने मुख्यमंत्री को फिल्म की निर्माण प्रक्रिया और इसमें शामिल कलाकारों एवं तकनीकी सदस्यों के योगदान के बारे में भी जानकारी दी।
बाबा नीब करौरी की हनुमान भक्ति पर आधारित है फिल्म
गौरतलब है कि ‘हनुमान अंश’ प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी (नीम करौली बाबा) के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति से प्रेरित फिल्म है। फिल्म में आध्यात्मिकता, संत परंपरा और हनुमान भक्ति से जुड़े पहलुओं को केंद्र में रखा गया है।
कम बजट में निर्मित इस फिल्म को दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने का दावा किया जा रहा है। फिल्म की टीम के मुताबिक, दर्शकों के समर्थन से फिल्म को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है।


