मथुरा में जन्माष्टमी का भव्य आयोजन, 500 ड्रोन से दिखेगा श्रीकृष्ण का दिव्य स्वरूप

shikha verma
2 Min Read

भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा इस बार जन्माष्टमी के अवसर पर भक्ति, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम की साक्षी बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जन्माष्टमी पर्व को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आधुनिक तकनीक से जुड़े विशेष आकर्षण तैयार किए गए हैं।

इस बार जन्माष्टमी का सबसे बड़ा आकर्षण 500 ड्रोन का भव्य शो होगा। पहली बार आयोजित होने वाले इस ड्रोन शो में आसमान में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी विभिन्न लीलाओं से जुड़े दृश्य जीवंत किए जाएंगे। इसके अलावा 2 से 4 सितंबर तक पांचजन्य प्रेक्षागृह में विभिन्न सांस्कृतिक और भक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें देश के कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

4 सितंबर को आसमान में दिखेगी कृष्णलीला

ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन के अनुसार, ड्रोन शो 4 सितंबर की रात करीब 9 बजे शुरू होगा और लगभग एक घंटे तक चलेगा। इस दौरान 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ान भरकर अलग-अलग आकृतियां बनाएंगे। इनके माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी लीलाओं से जुड़े प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

ड्रोन से बनने वाली आकृतियां जन्मभूमि परिसर और उसके आसपास करीब तीन से चार किलोमीटर के दायरे में दिखाई देंगी। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ इस अनूठे आयोजन का आनंद ले सकेंगे। तकनीक के माध्यम से कृष्णलीला का यह दृश्य जन्माष्टमी समारोह को नया और आधुनिक आयाम देगा।

2 सितंबर से शुरू होंगे सांस्कृतिक आयोजन

जन्माष्टमी के तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 2 सितंबर को दोपहर 3 बजे उद्घाटन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। इसके बाद श्याम जी शंख वादन करेंगे। शाम को भारत भूषण भजन, कीर्तन और लोकगायन की प्रस्तुति देंगे।

Share This Article
Leave a Comment