मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजीपुर दौरे के दौरान जनसभा में एक भावुक और आत्मीय पल देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर दो महिलाएं मुख्यमंत्री की हाथ से बनाई गई पेंटिंग लेकर खड़ी थीं। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री की नजर उन पर पड़ी।
भाषण समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षाकर्मियों से दोनों महिलाओं को मंच पर बुलाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री के बुलावे पर दोनों महिलाएं उत्साह के साथ मंच पर पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और उन्हें अपने हाथों से बनाई गई पेंटिंग भेंट की।
मुख्यमंत्री ने दोनों महिलाओं की कला की सराहना की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद भी प्रदान किया।
बच्चों का कराया अन्नप्राशन, खिलौने किए वितरित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और उन्हें खिलौने भी भेंट किए। इस अवसर पर गाजीपुर के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि, प्रमाणपत्र और अन्य लाभ प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।
इन लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
- अनिमेष राय – मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लैपटॉप
- सुंदरी – मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 7 हजार रुपये का चेक एवं प्रमाणपत्र
- आशुतोष पांडेय – बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड
- वंदना यादव – माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड
- दिवाकर सिंह – उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड
- अंचलानंद राय – प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 1.08 लाख रुपये का चेक
- मनोरमा देवी – लखपति दीदी योजना के तहत प्रमाणपत्र
- मधुबाला भारती – रिवॉल्विंग फंड एवं सामुदायिक निवेश निधि के तहत 14.91 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का चेक
- सोमारी – मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अनुदान राशि का स्वीकृति पत्र
- पूनम देवी – मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अनुदान राशि का स्वीकृति पत्र
- पुष्पा देवी – मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 5 लाख रुपये का चेक
- नितेश राय – फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 32 लाख रुपये का चेक
- कंचन यादव – शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।


