मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित कुष्ठावस्था पेंशन योजना कुष्ठ रोग के उपचार के बाद दिव्यांगता से प्रभावित लोगों के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है।
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में प्रदेश के 13,734 कुष्ठजनित दिव्यांगजनों को योजना का लाभ प्रदान किया गया है।
पात्र लाभार्थियों को मिल रही ₹3,000 प्रतिमाह सहायता
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उप निदेशक डॉ. अमित कुमार राय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में 13,734 लाभार्थियों को कुष्ठावस्था पेंशन योजना से जोड़ा गया। इस अवधि में सरकार की ओर से 1231.17 लाख रुपये (12.31 करोड़ रुपये) की धनराशि व्यय की गई है।
योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 3,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें जीवन-यापन में मदद मिल रही है।
सम्मानजनक जीवन और सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास
कुष्ठावस्था पेंशन योजना का उद्देश्य ऐसे दिव्यांगजनों और कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, जिनके परिवार की आय उनके भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं है।
यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने, सम्मानजनक जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी प्रभावी भूमिका निभा रही है। योजना के तहत कुष्ठ रोग के कारण किसी भी स्तर की दिव्यांगता से प्रभावित व्यक्ति पात्र हो सकते हैं।
दिव्यांगता प्रतिशत नहीं है पात्रता में बाधा
योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांगता का प्रतिशत पात्रता में बाधक नहीं है। आवेदक के पास संबंधित जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र होना आवश्यक है।
इसके साथ ही आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। उसके परिवार की वार्षिक आय 2 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और वह किसी अन्य सरकारी पेंशन योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर रहा हो।
हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा योजना का लाभ
उप निदेशक डॉ. अमित कुमार राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि कुष्ठावस्था पेंशन योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी इस महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


