नई दिल्ली: मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत करने के लिए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स टेक्स्ट मैसेज को भी “View Once” मोड में भेज सकेंगे, जो एक बार देखने के बाद अपने आप गायब हो जाएगा।
टेक्स्ट मैसेज के लिए भी मिलेगा View Once फीचर
अब तक WhatsApp पर केवल फोटो और वीडियो को ही “View Once” मोड में भेजने की सुविधा मिलती थी। इस फीचर में रिसीवर एक बार मैसेज देखने के बाद उसे दोबारा नहीं खोल सकता।
नए अपडेट के बाद टेक्स्ट मैसेज भी इसी फीचर के तहत भेजे जा सकेंगे, जिससे पढ़ने के बाद वे अपने आप चैट से हट जाएंगे।
कैसे काम करेगा नया फीचर?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूजर्स को टेक्स्ट मैसेज भेजते समय सेंड बटन को लॉन्ग-प्रेस करना होगा, जिसके बाद वह “View Once” मोड में भेजा जा सकेगा। मैसेज प्राप्तकर्ता द्वारा एक बार देखने के बाद वह हमेशा के लिए गायब हो जाएगा।
इस दौरान मैसेज को कॉपी, फॉरवर्ड या शेयर नहीं किया जा सकेगा। यह फीचर व्यक्तिगत चैट के साथ-साथ ग्रुप चैट में भी काम करेगा, हालांकि WhatsApp Channels में इसका सपोर्ट नहीं होगा।
अभी टेस्टिंग फेज में है फीचर
फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और अभी इसे बीटा वर्जन में भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। उम्मीद है कि पहले इसे बीटा यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा, जिसके बाद फीडबैक के आधार पर इसे सभी यूजर्स के लिए रोल आउट किया जाएगा।
स्कैम अलर्ट फीचर पर भी काम जारी
इसके साथ ही WhatsApp एक और सुरक्षा फीचर पर काम कर रहा है, जो अनजान नंबरों से आने वाले संभावित फ्रॉड या स्कैम मैसेज को पहचानकर यूजर्स को अलर्ट करेगा। यूजर्स को ऐसे मैसेज पर ब्लॉक या रिपोर्ट करने का विकल्प भी मिलेगा।


