गोंडा में बोले सीएम योगी, अच्छी सरकार चुनोगे तो अच्छे परिणाम मिलेंगे

shikha verma
2 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा में ₹516 करोड़ की लागत से तैयार 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है और गोंडा भी अब पिछड़ेपन की छवि से निकलकर नई पहचान बना रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले गोंडा को देश के सबसे अस्वच्छ शहरों में गिना जाता था, लेकिन अब यह जिला स्वच्छता और विकास के नए मानकों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार चुनने से अच्छे परिणाम मिलते हैं, जबकि गलत सरकारों के कारण विकास बाधित होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास कुछ ही क्षेत्रों तक सीमित था, लेकिन अब सरकार की योजनाएं हर जिले तक पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि गोंडा में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो चुका है, जबकि इंजीनियरिंग और कृषि कॉलेज भी स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नए अस्पतालों का निर्माण भी जारी है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। सिद्धार्थनगर, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, बस्ती, अयोध्या, बहराइच और बलरामपुर जैसे जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं या निर्माणाधीन हैं।

उन्होंने कहा कि निवेश अब केवल कुछ चुनिंदा जिलों तक सीमित नहीं है, बल्कि गोंडा जैसे क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि विकास और सुशासन के लिए सही नेतृत्व का चयन जरूरी है, क्योंकि यही आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करता है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना है और इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment