जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत करते कार्यकर्ता

कर्जमाफी और रोजगार का वादा निकला जुमला: प्रीतम

नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों का कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

भास्कर समाचार सेवा

रुद्रपुर। कांग्रेस जिला कार्यालय पर शनिवार को नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्षों सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष करन मेहरा, नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी, रंजीत रावत, जीतराम आर्य के अलावा जसपुर के विधायक आदेश चौहान, कैंपेनिंग कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुमित हृदयेश, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, युवा कांग्रेस नेता प्रिंस एवं एआईसीसी के सेकेट्री काजी निजामुद्दीन का गाजे बाजों के साथ बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया और सभी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

स्वागत से अभिभूत नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सत्ता में आने के लिए प्रदेशवासियों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। उत्तराखंड को विकसित करने का खूब दम भरा गया, लेकिन भाजपा के सारे वादे जुमले साबित हुए। भाजपा ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। ऊपर से लोगों पर महंगाई की मार अलग से पड़ रही है। महंगाई ने सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिए हैं। खाद्य तेल की कीमतें दो सौ रुपये तक पहुंच चुकी हैं। वहीं पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ने से हर चीज महंगी हो गई।

उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। युवा रोजगार पाने के लिए पलायन करने को मजबूर हैं, लेकिन भाजपा सरकार को इन सब बातों कोई सरोकार नहीं है। किसानों का ऋण भी माफ नहीं हुआ है। भाजपा ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा किया था, लेकिन पूरी की पूरी सरकार ही भ्रष्टाचार में लिप्त है। अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी है। विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश अध्यक्ष शिल्पी अरोरा, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, हरीश पनेरू, पुष्कर राज जैन, अखिल भारतीय कांग्रेस कामगार संगठन के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष सीपी शर्मा, ममता हाल्दार, गुरजीत सिंह गित्ते, पवन वर्मा, राजकुमार भुसरी, महबूब अंसारी, नारायण हालदार, हरिंदर पाल, श्यामल मंडल, सोनू शर्मा, साबिर अहमद, शिशु पाल सिंह, उमा सरकार, मानस बैरागी, अबरार अंसारी आदि मौजूद थे।
The post जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत करते कार्यकर्ता appeared first on Dainik Bhaskar | Uttar Pradesh News, UP Dainikbhaskar.

Related Articles

Back to top button