दुनिया के टॉप 10 रईसों की लिस्ट में मुकेश अंबानी, गौतम अडाणी 13वें स्थान पर

नई दिल्ली । करीब 10 महीने के अंतराल के बाद भारत और एशिया महादेश के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी एकबार फिर दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में टॉप 10 में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही एशिया के दूसरे सबसे रईस व्यक्ति गौतम अडाणी भी दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों की लिस्ट मे 14वें स्थान से आगे बढ़कर 13वें पायदान पर पहुंच गए हैं।

भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों के दौरान आई जबरदस्त तेजी की वजह से रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अडाणी ग्रुप के गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में भी जोरदार बढ़ोतरी हुई है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की ओर से आज जारी व्यक्तिगत संपत्ति के वैश्विक आंकड़ों के मुताबिक मुकेश अंबानी 101 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। जबकि कल तक सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में 10वें स्थान पर काबिज रहे अमेरिका के स्टॉक इन्वेस्टर वारेन बफेट सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में फिसल कर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के इस आंकड़े के मुताबिक मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में एक दिन में ही यानी 13 अक्टूबर को ही 1.3 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इसी तरह पिछले एक साल में मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में 24.7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हो चुकी है। मुकेश अंबानी इसके पहले भी दुनिया के टॉप 10 धनी व्यक्तियों की लिस्ट में अपना स्थान बना चुके हैं। लेकिन पिछले साल दिसंबर में भारतीय शेयर बाजार में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में आई गिरावट के कारण मुकेश अंबानी टॉप 10 की सूची से बाहर हो गए थे।

मुकेश अंबानी की तरह ही अडाणी ग्रुप के गौतम अडाणी भी दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में 14वें स्थान से आगे बढ़कर 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 75.7 अरब डॉलर हो गई है। अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में एक दिन में ही यानी 13 अक्टूबर को ही 1.21 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। पिछले एक सप्ताह में गौतम अडाणी की संपत्ति में 4.6 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हो चुकी है। एक सप्ताह पहले 7 अक्टूबर को गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 71.1 अरब डॉलर थी, जो अब बढ़कर 75.7 अरब डॉलर हो गई है। इसी तरह पिछले एक साल के दौरान अडाणी ग्रुप के कारोबार में आई तेजी की वजह से गौतम अडाणी की संपत्ति में 40.9 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है।

इन दोनों भारतीय उद्योगपतियों के अलावा विप्रो के अजीम प्रेमजी 38.8 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में 33वें स्थान पर हैं। पिछले सप्ताह 7 अक्टूबर को अजीम प्रेमजी की व्यक्तिगत संपत्ति 37.9 डॉलर थी। इसी तरह एचसीएल के शिव नाडार 30.9 अरब डालर की संपत्ति के साथ इस सूची में 44वें स्थान पर हैं। हालांकि एक सप्ताह पहले 7 अक्टूबर को शिव नाडार इस सूची में 32 अरब डालर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ 41वें स्थान पर थे।

भारतीय स्टॉक इन्वेस्टर और डीमार्ट के फाउंडर राधाकिशन दामानी दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में 26.6 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ 57वें स्थान पर हैं। पिछले एक साल की अवधि में राधाकिशन दामानी की संपत्ति में 11.7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स द्वारा जारी सूची में दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में टॉप 100 में आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल का नाम भी शामिल है, जो 21 अरब डालर की संपत्ति के साथ 86वें स्थान पर हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क 228 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति बने हुए हैं। पिछले एक सप्ताह के दौरन एलन मस्क की व्यक्तिगत संपत्ति में 18 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। पिछले सप्ताह 7 अक्टूबर की व्यक्तिगत संपत्ति 210 अरब डॉलर था। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की सूची में दूसरे स्थान पर 191 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अमेजन के प्रेसिडेंट रह चुके अमेरिकी उद्योगपति जैफ बेजॉस हैं। वहीं तीसरे स्थान पर फ्रांस के कारोबारी बर्नार्ड आरनॉल्ट हैं, जिनकी व्यक्तिगत संपत्ति 161 डॉलर है।
The post दुनिया के टॉप 10 रईसों की लिस्ट में मुकेश अंबानी, गौतम अडाणी 13वें स्थान पर appeared first on Dainik Bhaskar | Uttar Pradesh News, UP Dainikbhaskar.

Related Articles

Back to top button