टीवी धारावाहिक रामायण के रावण अरविन्द त्रिवेदी का 83 वर्ष की उम्र में निधन

मुंबई । रामानंद सागर की रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविन्द त्रिवेदी का बुधवार की सुबह 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।

रामानंद सागर के टीवी धारावाहिक रामायण में रावण का किरदार निभाकर मशहूर हुए अरविन्द त्रिवेदी ने लगभग 300 हिंदी और गुजराती फिल्मों में अभिनय किया था। गुजराती भाषा की धार्मिक और सामाजिक फिल्मों से उन्हें गुजराती दर्शकों में पहचान मिली थी जहां उन्होंने 40 वर्षों तक योगदान दिया। त्रिवेदी ने गुजरात सरकार द्वारा प्रदान की गई गुजराती फिल्मों में सर्वश्रेष्ठ अभिनय के लिए सात पुरस्कार जीते थे।

इस धारावाहिक में उनके अभिनय को हर किसी ने खूब पसंद किया। इसके अलावा अरविंद त्रिवेदी ने 20 जुलाई 2002 से 16 अक्टूबर 2003 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) प्रमुख के रूप में भी काम किया। वह काफी समय तक राजनीति में भी सक्रिय रहे। अरविन्द त्रिवेदी का निधन मनोरंजन जगत की अपूरणीय क्षति है।
The post टीवी धारावाहिक रामायण के रावण अरविन्द त्रिवेदी का 83 वर्ष की उम्र में निधन appeared first on Dainik Bhaskar | Uttar Pradesh News, UP Dainikbhaskar.

Related Articles

Back to top button