नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत देने वाले नए नियम पेश किए हैं। सरकार ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि वे हर फ्लाइट में कम से कम 60% सीटें मुफ्त उपलब्ध कराएं। इसका मतलब है कि अब यात्रियों को सीट चुनने के लिए अलग से पैसे नहीं देने पड़ेंगे, जिससे हवाई यात्रा का खर्च कम होगा और यात्रियों को महंगे टिकट और एक्स्ट्रा चार्ज से राहत मिलेगी।
परिवार और ग्रुप यात्रियों के लिए राहत
पहले अक्सर एक ही टिकट पर बुकिंग करने के बावजूद परिवार या ग्रुप के लोग अलग-अलग सीटों पर बैठते थे। साथ बैठने के लिए एक्स्ट्रा फीस देना पड़ती थी। नए नियमों के अनुसार एयरलाइंस को यह सुनिश्चित करना होगा कि एक ही बुकिंग वाले यात्रियों को साथ या पास-पास सीट मिले। इससे परिवार और ग्रुप में यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
मनमाने चार्ज पर रोक
सरकार ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि उनके सभी चार्ज पारदर्शी हों। खेल का सामान, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट या पालतू जानवर ले जाने के नियम स्पष्ट होंगे। इसके अलावा, फ्लाइट में देरी, कैंसिलेशन या बोर्डिंग से मना करने जैसी परिस्थितियों में यात्रियों के अधिकारों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।
यात्रियों के अधिकार हर जगह दिखाई देंगे
अब एयरलाइंस को अपने वेबसाइट, मोबाइल ऐप, टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म और एयरपोर्ट काउंटर पर यात्रियों के अधिकार स्पष्ट रूप से दिखाने होंगे। ये जानकारी क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे आसानी से समझ सकें।
हवाई यात्रा को और बेहतर बनाने की कोशिश
सरकार पहले ही छोटे शहरों को उड़ान योजना (UDAN) के तहत हवाई सेवा से जोड़ रही है। एयरपोर्ट पर सस्ती खाने की सुविधा (UDAN Yatri Café), फ्री वाई-फाई, और Flybrary जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नए नियमों से हवाई यात्रा सस्ती, पारदर्शी और सभी के लिए आसान बन जाएगी, जिससे रोजाना लाखों यात्री सुरक्षित और किफायती सफर का आनंद ले सकेंगे।
