बकाया मजदूरी के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर, विकास भवन घेरने का ऐलान

Bole India
2 Min Read

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर 17 मार्च 2026 को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में विकास भवन का घेराव किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।

शीतला पाठक ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने होली से पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि जॉब कार्ड धारकों को उनके काम का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी। उनका आरोप है कि केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार मजदूरों के प्रति संवेदनहीन रवैया अपना रही है।

कांग्रेस के अनुसार उत्तर प्रदेश में मनरेगा के तहत काम करने वाले लगभग एक करोड़ मजदूर परिवारों को पिछले करीब 75 दिनों से उनकी मजदूरी नहीं मिली है। बताया गया कि राज्य में लगभग 2000 करोड़ रुपये का मनरेगा भुगतान अब भी लंबित है, जिससे मजदूरों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी 17 मार्च को विकास भवन का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह और महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने सभी पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों, एआईसीसी और पीसीसी सदस्यों सहित वरिष्ठ कांग्रेसजनों से सुबह 12 बजे कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पहुंचने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment